logo

रांची में परिवहन व्यवसायियों ने किया नए एंट्री समय का विरोध, आंदोलन की दी चेतावनी

रांची में परिवहन व्यवसायियों ने किया नए एंट्री समय का विरोध, आंदोलन की दी चेतावनी

द फॉलोअप डेस्क
रांची के जालान रोड के परिवहन व्यवसायियों ने बुधवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर विरोध किया। उन्होंने नो एंट्री को लेकर जारी नए निर्देश से हो रही परेशानियों को लेकर बैठक की। इसमें झारखंड मोटर फेडरेशन, झारखंड मजदूर यूनियन, लोकल ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल हुए। उन्होंने प्रशासन को 4 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया है, ताकि प्रशासन पुरानी समयसारिणी को प्रभावी करे।

उनका कहना है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वे आंदोलन शुरू कर देंगे। परिवहन व्यवसायियों ने बताया कि नए समय के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आगे उन्होंने कहा कि नए समय से न केवल ऑटो चालक बल्कि पूरा लॉजिस्टिक सिस्टम प्रभावित है। इससे चालक-श्रमिक के साथ सीएनएफ, डिस्ट्रिब्यूटर, परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों की रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है। बैठक में परिवहन व्यवसायियों ने चरणबद्ध आंदोलन की योजना बनाई है।

वहीं,  झारखंड मोटर फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष ललित नारायण ओझा ने कहा कि अगर रविवार तक जिला प्रशासन ने एंट्री की पुरानी समयसारिणी को प्रभावी नहीं किया तो राजधानी के 25 हजार घरों में चूल्हा जलने का संकट आ जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीबों के पेट पर लात मारने वाले कानून का हम सभी विरोध करते हैं। परिवहन व्यवसायियों ने कहा कि वे चरणबद्ध आंदोलन में मानव श्रृंखला बनाएंगे, जिसमें वे राजभवन के सामने विरोध प्रदर्शन करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री और राज्यपाल को पत्र लिखकर पुराने समय को बहाल करने की मांग करेंगे।
 

Tags - Transport Businessman protestedJharkhand News